रायगढ़। त्यौहारों के इस व्यस्त मौसम में व्यापारियों और ग्राहकों की सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़, रायगढ़ इकाई ने एक सराहनीय पहल की है। शहर में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की कमी को देखते हुए अब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, रायगढ़ मुख्य शाखा में विशेष काउंटर की व्यवस्था की जा रही है, जहाँ से व्यापारियों और कारोबारियों को ₹1, ₹2, ₹5, ₹10 और ₹20 के सिक्के उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस पहल के संबंध में चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोपी सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष मनोज बेरीवाल एवं प्रदेश मंत्री शक्ति अग्रवाल ने एसबीआई रायगढ़ मुख्य शाखा के मुख्य प्रबंधक से भेंट कर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान चेंबर पदाधिकारियों ने यह प्रस्ताव रखा कि बैंक में एक विशेष सिक्का वितरण काउंटर स्थापित किया जाए ताकि छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की उपलब्धता सुचारू रूप से सुनिश्चित हो सके।
मुख्य प्रबंधक ने इस प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार करते हुए इस संबंध में आवश्यक व्यवस्था करने पर सहमति दी। तय किया गया है कि आगामी मंगलवार, 14 अक्टूबर 2025 को प्रातः 11 बजे से बैंक में सिक्कों का वितरण प्रारंभ किया जाएगा। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़, रायगढ़ इकाई के सहयोग से संपन्न होगा।
कार्यक्रम के तहत प्रत्येक फर्म या व्यवसायी को अधिकतम पाँच हजार रुपये तक के सिक्के उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल त्यौहारों के मौसम में लेन-देन की प्रक्रिया को आसान बनाएगी और स्थानीय व्यापार को गति प्रदान करेगी।
चेंबर अध्यक्ष गोपी सिंह ठाकुर ने कहा कि “त्यौहारों में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की कमी से व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को परेशानी होती है। इस व्यवस्था से बाजार में मुद्रा प्रवाह सुचारू रहेगा और व्यवसाय करने में आसानी होगी।”
चेंबर ने सभी व्यापारियों और कारोबारियों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएँ और इस नई व्यवस्था का अधिकतम उपयोग करें, ताकि रायगढ़ का व्यापारिक वातावरण और अधिक सशक्त बन सके।












