रायगढ़। जिले के ग्राम संबलपुरी में बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी उत्खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों और ग्राम पंचायत ने आरोप लगाया है कि गांव के प्लास्टिक फैक्ट्री के बगल में हरिओम अग्रवाल द्वारा पोकलेन मशीन के माध्यम से रात के समय लगातार मिट्टी की खुदाई की जा रही है और उसे हाईवा वाहनों में भरकर अवैध रूप से परिवहन कर रायगढ़ में विक्रय किया जा रहा है।
मामले को लेकर ग्राम पंचायत संबलपुरी द्वारा पहले ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें गांव क्षेत्र से मिट्टी व बालू के अवैध उत्खनन एवं व्यवसाय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। ग्राम सभा का यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित बताया गया है।
इसके बावजूद आरोप है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा पोकलेन मशीन से प्रतिदिन 4 से 5 हाईवा मिट्टी निकालकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है, जिससे ग्राम की भूमि, रास्तों और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही खुदाई से क्षेत्र में असंतोष का माहौल है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत द्वारा पहले खनन अधिकारी रायगढ़ को भी पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर रायगढ़ को लिखित आवेदन सौंपकर अवैध मिट्टी उत्खनन एवं परिवहन पर तत्काल रोक लगाने तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो अवैध खनन से गांव की जमीन और सार्वजनिक संपत्तियों को भारी नुकसान हो सकता है। अब प्रशासन की ओर से मामले में जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।












