• समाज और प्रदेश के लिए गर्व का क्षण : दीपक डोरा…
रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित होते ही छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर दौड़ गई। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में प्रदेश के अग्रवाल समाज के तीन प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने शानदार सफलता हासिल कर प्रदेश और समाज का नाम रोशन किया है।
इनमें रायपुर की बेटी वैभवी अग्रवाल ने 35वीं रैंक प्राप्त कर छत्तीसगढ़ में टॉप किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल रायपुर बल्कि पूरे प्रदेश को गर्व हुआ है। वैभवी की इस सफलता को कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।

वहीं रायपुर के मोवा निवासी रौनक अग्रवाल ने UPSC परीक्षा में 772वीं रैंक हासिल की है। रौनक मूलतः रायगढ़ के रहने वाले हैं और रायपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। उनकी सफलता ने रायगढ़ और रायपुर दोनों शहरों को गौरवान्वित किया है।

इसके अलावा दुर्ग के अनुभव अग्रवाल ने 188वीं रैंक हासिल कर प्रदेश और अपने जिले का नाम रोशन किया है। अनुभव ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है।

इस अवसर पर अग्रोहा धाम चैरिटेबल ट्रस्ट रायगढ़ के ट्रस्टी दीपक डोरा ने तीनों सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे अग्रवाल समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। उन्होंने कहा कि वैभवी, रौनक और अनुभव जैसे युवा समाज के लिए युथ आइकन हैं और उनकी सफलता से आने वाली पीढ़ी को सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं के लिए प्रेरणा मिलेगी।
दीपक डोरा ने कहा कि समाज को ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं पर गर्व है, जिन्होंने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल किया है और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।













