रायगढ़। जिले के घरघोड़ा वन रेंज में इन दिनों 26 हाथियों का विशाल दल विचरण कर रहा है। मंगलवार शाम इसी हाथी दल का खतरा उस समय सामने आया, जब नवापारा-टेंडा जंगल के रास्ते से गुजर रहे दो बाइक सवार युवक हाथियों का वीडियो बनाने लगे। अचानक झुंड से निकले एक हाथी ने उन्हें दौड़ा दिया। बाइक सवारों की जान बची, लेकिन यह घटना कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक जंगल से गुजरते समय हाथियों के झुंड को देखकर वीडियो शूट करने लगे। इस दौरान झुंड से अलग हुआ एक बड़ा हाथी गुस्से में उनकी ओर दौड़ पड़ा। हाथी ने बाइक सवारों को काफी दूर तक खदेड़ा और फिर जंगल की ओर लौट गया।
हाथियों की मौजूदगी से बढ़ा खतरा
वन विभाग के अनुसार घरघोड़ा रेंज के छर्राटांगर जंगल, नवापारा-टेंडा और कटंगडीह इलाके में हाथियों का झुंड लगातार घूम रहा है। ऐसे में ग्रामीणों और राहगीरों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
गांव-गांव में मुनादी और जागरूकता
वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है। प्रभावित गांवों में मुनादी कराई जा रही है ताकि लोग सतर्क रहें और अकेले जंगल की ओर न जाएं। साथ ही ग्रामीणों को हाथियों से बचाव के उपाय भी बताए जा रहे हैं।
वन विभाग ने साफ कहा है कि हाथियों से दूरी बनाकर रखना ही सबसे बड़ा बचाव है। हाथियों को उकसाने या करीब जाकर वीडियो बनाने जैसी लापरवाहियां जानलेवा साबित हो सकती हैं।












