रायगढ़। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर रविवार दोपहर बेखौफ चोर ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया। NH-49 पर संचालित इस पेट्रोल पंप से ₹2 लाख 18 हजार की नकदी दिनदहाड़े चोरी कर ली गई। पूरी घटना पंप पर लगे CCTV कैमरों में साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई है।
जानकारी के अनुसार, यह पेट्रोल पंप भारतीय जनता पार्टी के जिला पंचायत अध्यक्ष के पति रविन्द्र गबेल द्वारा संचालित बताया जा रहा है। रविवार दोपहर करीब 3 बजे एक स्कूटी सवार युवक पेट्रोल पंप पहुंचा। आरोपी ने पहले वहां कार्यरत कर्मचारी को किसी बहाने से कार्यालय से दूर भेजा और फिर मौका पाकर काउंटर तक पहुंच गया।
काउंटर की दराज खोलकर आरोपी ने उसमें रखी ₹2,18,000 की नकदी निकाली और बिना किसी हड़बड़ी के स्कूटी से फरार हो गया। CCTV फुटेज में आरोपी को दराज खोलते, कैश निकालते और निकलते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
प्रत्यक्षदर्शी जानकारी और फुटेज के आधार पर आरोपी की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। चोरी की सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब CCTV फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।












