रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की टीम को आखिरकार विभागों का बंटवारा मिल गया है। आज सुबह शपथ लेने के बाद अब तीनों नए मंत्रियों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं हैं।
गजेंद्र यादव को प्रदेश की स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य विभाग का दायित्व दिया गया है। शिक्षा और कानून जैसे महत्वपूर्ण विभाग मिलने से यादव की भूमिका आने वाले समय में बेहद अहम मानी जा रही है।
गुरु खुशवंत साहेब को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि उनके विभागों से सीधे युवाओं और समाज के कमजोर तबकों को लाभ पहुंचेगा।
राजेश अग्रवाल को पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की कमान मिली है। इससे छत्तीसगढ़ की पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए आयाम मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा कि:
मंत्रियों के बीच विभागों का सुस्पष्ट कार्य विभाजन हो चुका है। उन्होंने लिखा:
“मेरे कैबिनेट सहयोगी नई ऊर्जा के साथ छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा के लिए तैयार हैं। सभी मंत्री प्रदेश की आकांक्षाओं को मूर्त रूप देने और हमारे संकल्पों की सिद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी का योगदान अहम रहेगा।”
नए विभागीय बंटवारे के साथ मंत्रिमंडल अब पूरी मजबूती से प्रदेश की नीतियों और योजनाओं को गति देने के लिए तैयार दिख रहा है।








