रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से रायपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट का गेट अचानक लॉक हो गया। करीब 40 मिनट तक विमान के गेट नहीं खुलने के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सबसे खास बात यह रही कि इस फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक चातुरी नंद और रायपुर की महापौर मीनल चौबे भी सवार थे। इनके अलावा करीब 35 से ज्यादा यात्री विमान में फंसे रहे। विमान दोपहर 2:25 बजे रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुआ था, लेकिन तकनीकी खामी की वजह से गेट लॉक हो गया।
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना पूरी तरह टेक्निकल इशू की वजह से हुई। इंडिगो एयरलाइंस के इंजीनियरिंग स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद गेट अनलॉक किया, जिसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस घटना के बाद इंडिगो एयरलाइंस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। सवाल यह है कि ऐसी तकनीकी खामी से यदि कोई गंभीर स्थिति बनती, तो जवाबदेही किसकी होती?












