• मुख्यमंत्री साय ने कहा: हर घर में उजियारा फैले, हर हृदय में प्रसन्नता और विश्वास का दीप जले…
छत्तीसगढ़। दीपावली पर्व से पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि अक्टूबर माह का वेतन अग्रिम रूप से 17 और 18 अक्टूबर को कर्मचारियों के खातों में जमा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (Twitter) पर यह जानकारी साझा करते हुए सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा :
“आप सभी के परिश्रम, निष्ठा और समर्पण से ही छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। त्योहार की खुशियों में कोई कमी न रहे, इसी भावना से राज्य शासन ने निर्णय लिया है कि माह अक्टूबर 2025 का वेतन 17 एवं 18 अक्टूबर को अग्रिम रूप से भुगतान किया जाएगा।”
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शासन उनके लिए केवल एक तंत्र नहीं, बल्कि एक परिवार है – उन कर्मठ साथियों का, जो पूरे मन से जनता की सेवा में जुटे हैं। दीपावली पूर्व अग्रिम वेतन भुगतान का यह निर्णय उसी आत्मीयता और सहभागिता का प्रतीक है।
राज्य के वित्त विभाग ने भी इस संबंध में सभी विभागाध्यक्षों और जिला कलेक्टरों को आदेश जारी कर दिया है। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी कर्मचारी को वेतन प्राप्त करने में कठिनाई न हो। इसके लिए सभी कोषालय एवं उपकोषालय 18 अक्टूबर (शनिवार, अवकाश दिवस) को भी खुले रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह पहल न केवल कर्मचारियों के घरों में खुशियों और समृद्धि की रौनक बढ़ाएगी, बल्कि प्रदेश के बाजारों में भी नई चहल-पहल और आर्थिक ऊर्जा का संचार करेगी। उन्होंने कहा कि अग्रिम वेतन भुगतान से स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था में उत्सव का उल्लास फैल जाएगा।
उन्होंने अंत में कहा: “शासन का हर निर्णय अपने कर्मठ साथियों की खुशियों और सम्मान से जुड़ा है। दीपावली से पहले अग्रिम वेतन भुगतान उसी आत्मीय भावना का प्रतीक है कि हर घर में उजियारा फैले और हर हृदय में प्रसन्नता व विश्वास का दीप जले।”












