रायगढ़। रायगढ़ शहर में चोरी की एक और बड़ी वारदात सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़े रामपुर स्थित गोल्डन नेस्ट कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक शिक्षिका के मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया है। चोर न केवल घर से सोने-चांदी के जेवर और गैस सिलेंडर ले गए, बल्कि पार्किंग में खड़ी कार भी चुरा ले गए।
मिली जानकारी के अनुसार, गोल्डन नेस्ट कॉलोनी निवासी शिक्षिका तमनार के एक स्कूल में पदस्थ हैं। बीते 6 अक्टूबर को वे किसी काम से बाहर गई थीं। जब वे वापस लौटीं तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब थे, साथ ही पार्किंग में खड़ी कार भी चोरी हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में लगभग ₹3 से साढ़े 3 लाख रुपये की चोरी की आशंका जताई गई है। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों में इस बात को लेकर दहशत है कि आवासीय कॉलोनी जैसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में भी अब चोर बेखौफ हो गए हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












