रायगढ़। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय बैठक पंचकूला (हरियाणा) में आयोजित हुई, जिसमें सर्वसम्मति से इंदौर के वरिष्ठ समाजसेवी कुलभूषण मित्तल कुकी को संगठन का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय उपाध्यक्ष कमल मित्तल ने बताया कि 5 अक्टूबर को राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल और निवृत्त राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता की उपस्थिति में पूरे देश से आए सैकड़ों प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संगठन के नए नेतृत्व के चयन का मार्ग प्रशस्त किया गया। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से नए अध्यक्ष का स्वागत किया।
नए अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल ने आमंत्रितों और राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल तथा निवृत्त अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे महाराजा अग्रसेन के समता, समाजवाद और ‘एक रुपया, एक ईंट’ के आदर्श सिद्धांत पर चलते हुए संगठन को और भी सफल और ख्यातिलब्ध बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, चेयरमैन अशोक मोदी, कार्यकारी द्वयाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल और सुनील रामदास, महामंत्री संजय अग्रवाल, और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बजरंग अग्रवाल बीके, कमल मित्तल, नरेश अग्रवाल, प्रवीण जितपुरिया, गोलू मित्तल ने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वरिष्ठ युवा नेतृत्व के रूप में कुलभूषण मित्तल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से संगठन के कार्यों में और तेजी आएगी।












