रायगढ़। राज्य सरकार के गठन का एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित ‘जनादेश परब’ के अवसर पर सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय ने रायगढ़ के कलेक्ट्रेट के सृजन सभाकक्ष में प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
श्रीमती साय ने सरकार की प्रमुख उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बीते 12 महीनों में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद परिवारों के लिए 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। रायगढ़ जिले में 36 हजार से अधिक आवास निर्माण के कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिन्हें अगले तीन महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

कृषि और महिलाओं पर विशेष ध्यान
उन्होंने कहा कि किसानों से किए वादे के अनुसार 31 सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। वहीं, महतारी वंदन योजना से 70 लाख माताओं-बहनों को लाभ मिला है, जिसमें 6530 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। रायगढ़ जिले में इस योजना के तहत 249 करोड़ रुपये की राशि महिलाओं को प्रदान की गई।

शिक्षा और बुनियादी ढांचे में सुधार
रायगढ़ जिले में प्रदेश का सबसे बड़ा नालंदा परिसर बन रहा है, जिसका भूमिपूजन मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। इसके अलावा, प्रयास आवासीय विद्यालय की शुरुआत से छात्रों को निःशुल्क शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है।
जल जीवन मिशन और अन्य विकास कार्य
जल जीवन मिशन के तहत 1.30 लाख नल कनेक्शन से पेयजल आपूर्ति शुरू की गई है। जल शक्ति अभियान में रायगढ़ जिला ‘जल संचय जन भागीदारी’ श्रेणी में पूरे देश में शीर्ष पर रहा। साथ ही, वन संरक्षण के तहत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में जिले भर में वृक्षारोपण किया गया।
प्रेस वार्ता में कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल, पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल सहित प्रशासनिक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। श्रीमती गोमती साय ने प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि राज्य विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।