रायगढ़। बुधवार देर रात रिहायशी इलाके सुभाष नगर कॉलोनी, कोतरा रोड में विशालकाय करीब 8-10 फीट लंबा अजगर निकलने से अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच प्रथम दृष्टि कॉलोनी के गुरुकृपा बिल्डिंग निवासी गणेश शर्मा और संगीता शर्मा की नजर अजगर पर पड़ी। उन्होंने तुरंत कैलाश शर्मा को इसकी सूचना दी, जिसके बाद कैलाश ने सर्प मित्र को खबर दी।
गनीमत रही कि अजगर ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया और समय रहते उस पर नजर पड़ गई। सूचना मिलते ही सर्पमित्र सुमित मौके पर पहुंचे और काफी कड़ी मशक्कत के बाद अपने साहस व अनुभव का परिचय देते हुए अजगर को सुरक्षित पकड़कर रेस्क्यू किया। इस दौरान कुछ लोग मौके पर जमा हो गए, लेकिन सुमित ने लोगों को दूर रहने और सांप को नुकसान न पहुँचाने की अपील की।
अजगर को पकड़ने के बाद सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। कॉलोनीवासियों ने सुमित के इस त्वरित और निडर प्रयास की जमकर सराहना की।















