रायगढ़। जिले के प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट बोतल्दा रॉक गार्डन में एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे युवक की झरने में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 20 वर्षीय सचिन कुमार साह के रूप में हुई है, जो मूलतः बिहार का रहने वाला था। वह कुछ समय से रायगढ़ के जूटमिल क्षेत्र में अपने जीजा के घर रहकर एक निजी संस्था में कार्यरत था। शुक्रवार की सुबह वह अपने दोस्तों के साथ रायगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर स्थित बोतल्दा रॉक गार्डन पिकनिक मनाने गया था।
बताया जा रहा है कि झरने में नहाते समय अचानक सचिन का पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जब दोस्तों ने देखा तो वह नजर नहीं आया, काफी खोजबीन के बाद पानी में उसकी लाश मिली। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है और सचिन के साथियों से पूछताछ की जा रही है।
परसदा वाटरफॉल में पहले ही लगाया जा चुका है प्रतिबंध
गौरतलब है कि इसी हफ्ते रायगढ़ पुलिस ने केराझर-परसदा वाटरफॉल में लापरवाही पूर्वक झरने में कूदने और वीडियो वायरल करने की घटनाओं को देखते हुए झरने में नहाने पर प्रतिबंध लगाया था। पुलिस ने चेतावनी बोर्ड लगवाने के साथ-साथ इलाके में नियमित पेट्रोलिंग शुरू की थी ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
हर साल उमड़ती है भारी भीड़
बोतल्दा रॉक गार्डन खरसिया विधानसभा क्षेत्र का एक प्रमुख पिकनिक स्पॉट है, जहां बरसात के दिनों में प्राकृतिक सुंदरता देखते ही बनती है। जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ यहां पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। लेकिन झरने में नहाने के दौरान अक्सर लोग लापरवाही बरतते हैं, जो इस तरह की दुखद घटनाओं का कारण बनती है।
अब सवाल उठते हैं सुरक्षा इंतजामों पर
इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन और आमजन को झकझोर कर रख दिया है। बोतल्दा जैसे लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट पर यदि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो इस तरह की घटनाएं बार-बार होती रहेंगी। अब स्थानीय प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी बनती है कि वह यहां चेतावनी बोर्ड, गार्ड्स और प्राथमिक सुरक्षा उपायों को जल्द से जल्द लागू करे।












