जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गुरुवार सुबह अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह करीब 7 बजकर 31 मिनट पर आए हल्के झटकों ने लोगों को चौंका दिया। घरों की दीवारें, खिड़कियां और दरवाजे कांपने लगे, जबकि कई घरों में बर्तन खनकने की आवाजें भी सुनाई दीं। झटके लगभग 4 से 5 सेकंड तक महसूस किए गए।
इस भूकंप की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.1 मापी गई। झटकों को लेकर स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया और फोन के जरिए एक-दूसरे को सतर्क किया। डर के मारे कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और कुछ देर तक खुले मैदान या सड़कों पर खड़े रहे।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भूकंप से किसी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
भूकंप के झटकों ने लोगों के बीच दहशत जरूर पैदा कर दी है, लेकिन फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह झटका टेक्टोनिक हलचल का संकेत हो सकता है, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।













