Monday, March 2, 2026
HomeNewsलैलूंगा को मिला विकास का नया आयाम: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने...

लैलूंगा को मिला विकास का नया आयाम: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया 2.72 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, पंजीयन कार्यालय खोलने की घोषणा…

• पूरी प्रतिबद्धता के साथ छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए कर रहे कार्य: वित्त मंत्री चौधरी

रायगढ़। वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने आज रायगढ़ जिले के नगर पंचायत लैलूंगा में 2 करोड़ 72 लाख रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने जयदयाल सिंघानिया फाउंडेशन के सहयोग से नवनिर्मित सेठ जयदयाल कन्या प्राथमिक शाला भवन का लोकार्पण किया, साथ ही स्कूल परिसर में सेठ जयदयाल सिंघानिया की प्रतिमा का अनावरण भी किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने स्कूल के छात्रों को ड्रेस, पाठ्य सामग्री व श्रीफल का वितरण किया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री चौधरी ने लैलूंगा में पंजीयन कार्यालय खोलने की महत्वपूर्ण घोषणा की। जिससे यहां के लोगों को जमीन रजिस्ट्री के लिए दूर जाने की जरूरत नही पड़ेगी और स्थानीय स्तर पर ही काम होने से समय व ऊर्जा की बचत होगी।
         
वित्तमंत्री श्री चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ओपी सिंघानिया का लैलूंगा की मिट्टी से गहरा नाता है। वे इसी अंचल में जन्मे, पले-बढ़े और आज देश-प्रदेश में एक प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है। इस क्षेत्र के लिए उनका योगदान अनुकरणीय है। उन्होंने नवनिर्मित सेठ जयदयाल कन्या प्राथमिक शाला भवन के निर्माण को अत्यंत सुंदर और प्रेरणादायक बताते हुए सिंघानिया फाउंडेशन को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पूरी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने सरकार बनते ही दो साल के बकाया बोनस राशि वितरण किया। धान खरीदी की मात्रा 21 क्विंटल प्रति एकड़ और 3100 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया। 18 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान स्वीकृत किए गए, जिनमें से अधिकतर आवास मात्र डेढ़ साल में पूर्ण कर लिए गए। 70 लाख माताओं-बहनों को महतारी वंदन योजना का प्रत्यक्ष लाभ सुनिश्चित किया गया है। श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए राम लला दर्शन योजना प्रारंभ की गई है, ताकि अयोध्या धाम के दर्शन का सौभाग्य आम जन को मिल सके।
         
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने लैलूंगा में विकास के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि यहां जल्द ही पंजीयन कार्यालय प्रारंभ किया जाएगा। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ऑक्सीजन जोन, मुक्तिधाम और बायपास सड़क निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति दी जाएगी। विद्यालय के उन्नयन के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा, ताकि यहां के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ें। जब लैलूंगा का एक बेटा देश प्रदेश का ख्यातनाम सीए बन सकता है, तो यहां का हर बच्चा ऊंचाइयों को छू सकता है। हम सबका संकल्प है कि इस अंचल को समृद्ध बनाएंगे और पूरे छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य की श्रेणी में अग्रणी बनाएंगे।
           
कार्यक्रम के दौरान आईएनएच न्यूज के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने कहा, यह उनके लिए एक भावनात्मक क्षण है। उन्होंने कहा कि सिंघानिया परिवार का इस गांव से जुड़ाव केवल औपचारिक नहीं, बल्कि आत्मीय और संवेदनशील है। यह वही परिवार है, जिसने इस मिट्टी में जन्म लेकर, यहीं की खुशबू में पले-बढ़े और अब उसी मिट्टी के लिए कुछ कर गुजरने का संकल्प लिया है। डॉ. द्विवेदी ने आगे कहा कि जब कोई व्यक्ति गांव से उठकर राज्य और देश में अपनी पहचान बनाता है, तो वह न केवल स्वयं के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्त्रोत बन जाता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से आग्रह किया कि इस नवनिर्मित विद्यालय का और अधिक उन्नयन किया जाए तथा इसे प्रेरणादायक शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, ताकि यह आने वाली पीढिय़ों के लिए एक रोल मॉडल बन सके। जयदयाल सिंघानिया फाउंडेशन की ओर से श्री ओपी सिंघानिया ने कहा कि लैलूंगा हमारा जन्मस्थल है, अब समय है कि हम इस मिट्टी को कुछ लौटाएं। शिक्षा व सामाजिक विकास के हर कार्य में फाउंडेशन सहयोग करता रहेगा। फाउंडेशन की ओर से श्री गुलाब सिंघानिया भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
         
पूर्व मंत्री श्री सत्यानंद राठिया ने कहा कि यह विद्यालय कन्या शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक अनुकरणीय पहल है। छत्तीसगढ़ आज देश के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री कपिल सिंघानिया ने वित्त मंत्री श्री चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सदैव आमजन के सुख-दुख में सहभागी रहते हैं। जल आवर्धन योजना जैसे रुके हुए कार्यों को पुन: प्रारंभ कराकर उन्होंने जनता के प्रति अपनी संवेदनशीलता दर्शाई है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार ने कहा कि शासन की मंशा अनुरूप लैलूंगा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीणों की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है ताकि आमजन को सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आगे भी क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं और मांगों को प्राथमिकता देते हुए नए विकास कार्य स्वीकृत कराए जाएंगे। जनसुविधाओं को सुलभ और सशक्त बनाने की दिशा में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। श्री सिदार ने क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
         
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष ज्योति भगत, जिला पंचायत सदस्य शांता भगत व गोपाल अग्रवाल, जनपद उपाध्यक्ष  मनोज अग्रवाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष कृष्णा जायसवाल,  सतीश बेहरा, नटवर निगानिया, शांता साय, मनोज सतपथी,  रमेश होता, संजय पटेल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव, सहायक कलेक्टर अक्षय डोसी, एसडीएम अक्षा गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.के.वी.राव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इन कार्यों का किया लोकार्पण व भूमिपूजन

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कार्यक्रम में 50 लाख रुपए की लागत से सेठ जयदयाल कन्या प्राथमिक शाला भवन और 42.28 लाख रुपए की लागत से इंद्रप्रस्थ मिनी स्टेडियम में सीटिंग व्यवस्था का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने 40 लाख रुपए से इंद्रप्रस्थ मिनी स्टेडियम उन्नयन, 20 लाख रुपए की लागत से बास्केटबॉल कोर्ट निर्माण, 5 लाख रुपए की लागत से पेंशनर भवन के पास स्नानागार, शौचालय व कक्ष निर्माण और 1.14 करोड़ से अधिक लागत से बी.टी. रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। साथ ही, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ऑक्सीजोन, मुक्तिधाम, बायपास सड़क और अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता देने की बात कही।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Popular Articles