• छत्तीसगढ़ की महिला ने डरकर दर्ज कराई FIR, हरियाणा से गिरफ्तार हुआ नकली तांत्रिक…

छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहाँ एक युवक ने यू-ट्यूब देखकर तांत्रिक बनने का ढोंग रचा और फिर कुंडली दोष के नाम पर एक महिला से लाखों की ठगी कर डाली। मामला यहीं नहीं रुका उसने पीड़िता का फ्लैट अपने नाम करने की मांग की और इंकार करने पर “तंत्र विद्या” से जान लेने की धमकी दे डाली।
एक क्लिक से तंत्र का ‘गुरु’, फिर दुर्ग – भिलाई में बना ठगों का ‘राजा’
गिरफ्त में आया आरोपी कुलदीप उर्फ कालू (35) मूल रूप से हरियाणा के रोहतक जिले के रीटोली गांव का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया कि वह न तो कोई पुजारी है, न ही किसी तांत्रिक परंपरा से जुड़ा। बल्कि उसने यूट्यूब देखकर “पंडित” बनना सीखा और इस नकली पहचान के दम पर महिलाओं को डराकर उनसे मोटी रकम ऐंठने लगा।
शिकंजा ऐसे कसा: पूजा-पाठ के नाम पर 36.66 लाख की ठगी
पीड़िता पल्लवी जायसवाल (46), जो जुनवानी, भिलाई के शिखर अपार्टमेंट में रहती हैं, साल 2022 में जीवन की परेशानियों से जूझ रही थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात नेहरू नगर के कालीबाड़ी मंदिर के पुजारी परिचय मिश्रा से हुई। मिश्रा ने उनकी कुंडली में भारी दोष बता उन्हें ‘गुरु’ पं. कुलदीप महाराज से मिलवाया।
कुलदीप ने भी वही स्क्रिप्ट दोहराई—कुंडली में ग्रहदोष, जान को खतरा और पूजा की अनिवार्यता। महिला को पहले 17 हजार रुपए पूजा सामग्री के लिए देने पड़े। धीरे-धीरे डर की चादर इतनी गाढ़ी बुन दी गई कि 18 जनवरी 2023 से 8 अप्रैल 2025 के बीच कुल 36.66 लाख रुपए महिला से ऐंठ लिए गए।
फ्लैट दो, वरना जान ले लूंगा: तांत्रिक की खौफनाक धमकी
एक दिन कुलदीप ने पल्लवी से सीधा कह दिया “अपने शिखर अपार्टमेंट वाला फ्लैट मेरे नाम कर दो, वरना तंत्र विद्या से तुम्हारी जान ले लूंगा!” डर की हद पार हो चुकी थी। महिला ने आखिरकार साहस जुटाकर सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई: नकली तांत्रिक भेजा गया जेल
एएसपी पद्मश्री तंवर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक कार, दो मोबाइल, बैनर-पोस्टर, पूजा सामग्री और तंत्र-मंत्र के ढोंग के लिए इस्तेमाल होने वाले जड़ी-बूटी सहित कई समान जब्त किए गए हैं।
चेतावनी: ‘धार्मिक चोले’ में छिपे ठगों से सावधान रहें।
यह मामला केवल एक महिला की ठगी नहीं है, बल्कि समाज में बढ़ती एक खतरनाक प्रवृत्ति का प्रतीक है—जहाँ अंधविश्वास और भय के सहारे ठग आम लोगों को निशाना बना रहे हैं।
रायगढ़ दृष्टि की अपील है कि धर्म और विश्वास के नाम पर डराने-धमकाने वालों से सतर्क रहें, और ऐसे किसी भी संदेहजनक गतिविधि की तत्काल सूचना नजदीकी थाने में दें।












