रायगढ़। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को रायगढ़ में NSUI और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से निकली विरोध रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
NSUI जिला अध्यक्ष एवं नगर निगम पार्षद आरिफ हुसैन तथा युवा कांग्रेस के अनमोल अग्रवाल के नेतृत्व में निकली यह रैली शहीद चौक से शुरू हुई। इसके बाद अग्रसेन चौक, सुभाष चौक और गांधी चौक होते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंची। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ और ‘वोट चोर कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में’ जैसे नारे लगाए। नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शन के मद्देनजर रैली मार्ग पर पुलिस बल की मौजूदगी रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस की निगरानी बनी रही।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष शाखा यादव, रामचंद्र शर्मा, अनिल अग्रवाल, अनिल शुक्ला और राकेश पांडेय समेत कांग्रेस के कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन के जरिए NSUI और युवा कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया। शहर में निकली इस रैली में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के माध्यम से अपनी मांग को प्रमुखता से उठाया।








