रायगढ़, दिव्यांशु शर्मा। राष्ट्रहित, सेवा एवं संस्कार के मूल्यों पर आधारित सामाजिक संस्था भारत विकास परिषद के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रायगढ़ में “संस्कार शाखा” का गठन किया गया। नवगठित शाखा का दायित्व ग्रहण समारोह बुधवार, 3 जून 2026 को श्याम मंदिर परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में परिषद के प्रांतीय एवं राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

नवीन शाखा में सीए संजय अग्रवाल को संरक्षक, मुकेश गोयल को अध्यक्ष, युगल किशोर पंडा को सचिव तथा दीपक अग्रवाल को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। समारोह में प्रांत अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, प्रांत महासचिव मुरारी काबरा, क्षेत्रीय सेवा संयोजक महेश गुप्ता तथा राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य धर्मेंद्र कुमार कुदेसिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।

शपथ विधि अधिकारी के रूप में मुरारी काबरा ने नवदायित्वधारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने परिषद की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों तथा संगठन को दीर्घकालिक स्थायित्व प्रदान करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आशा त्रिपाठी ने मातृशक्ति की भूमिका पर अपने उद्बोधन में कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नवपदाधिकारियों से राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. राजकुमार भारद्वाज ने राजा भर्तृहरि के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए पदाधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
वक्ताओं के प्रेरक उद्बोधनों से सभागार राष्ट्रभक्ति, सेवा और संस्कार की भावना से ओतप्रोत हो उठा। इस अवसर पर नगर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिकों ने परिषद की सदस्यता ग्रहण की तथा विभिन्न दायित्व स्वीकार किए।

कार्यक्रम में जिला स्तरीय नव नियुक्त पदाधिकारियों को अतिथियों द्वारा किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में लगभग 100 लोगों की सहभागिता रही, जिनमें 40 महिलाएं भी शामिल थीं। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्रीमती विनीता संजय अग्रवाल ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में मुकेश गोयल, युगल किशोर पंडा, सीए संजय अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, दिव्यांशु शर्मा, विनय अग्रवाल, डोलनारायण देवांगन, मनीष पालीवाल, विनय गोयल, शिव शिंदे सहित संस्था के अनेक सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में नवनियुक्त अध्यक्ष मुकेश गोयल ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगामी स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के अवसर पर सभी सदस्यों से अपने-अपने घरों में प्रातः 8 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्र गान गाने तथा उसकी वीडियो संस्था को भेजकर राष्ट्रभक्ति एवं सेवा भावना के प्रचार-प्रसार में सहभागी बनने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का समापन सहभोज के साथ हुआ। भारत विकास परिषद की नवगठित संस्कार शाखा का गठन रायगढ़ में सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति आधारित सामाजिक गतिविधियों को नई ऊर्जा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



















