रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ अनुविभाग अंतर्गत छाल तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धसकामुड़ा निवासी किसान भानुप्रताप पटेल के खसरा के बी-1 रिकॉर्ड में त्रुटि सुधार करने के एवज में 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। किसान ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की, जिसके बाद ACB ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की।
जांच में शिकायत सही पाए जाने पर ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। शिकायतकर्ता को निर्धारित रकम लेकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही रिश्वत की राशि का लेन-देन हुआ, पहले से घात लगाए बैठी ACB टीम ने छापेमार कार्रवाई करते हुए आरोपी तुलाराम पटेल को रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी तुलाराम पटेल मूल रूप से शिक्षक पद पर पदस्थ है, लेकिन वर्तमान में छाल तहसील कार्यालय में लिपिक के रूप में अटैच था। कार्रवाई के दौरान ACB अधिकारियों ने मौके से आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल ACB की टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।
छाल तहसील कार्यालय में हुई इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।






