• वीर जवानों के शौर्य को समर्पित ‘सिंदूर पार्क’ का लोकार्पण: मुख्यमंत्री साय बोले – यह पार्क आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देगा…
रायगढ़: रायगढ़ की धरा पर अब देश के वीर जवानों का अदम्य साहस और शौर्य जीवंत रूप में नजर आएगा। शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ के इतवारी बाजार क्षेत्र में नवनिर्मित ‘सिंदूर पार्क’ (ऑक्सीजोन) का भव्य लोकार्पण किया। यह पार्क न केवल शहर के लिए एक फेफड़े (ऑक्सीजोन) का काम करेगा, बल्कि भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बलिदानों की गाथा भी सुनाएगा।
वीर जवानों के सम्मान में झुका शीश
लोकार्पण समारोह के दौरान जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भावुक और ओजस्वी स्वर में कहा: “ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सैनिकों ने जिस वीरता और अद्वितीय साहस का परिचय दिया वह सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्हीं वीर जवानों के शौर्य को नमन करते हुए निर्मित यह पार्क हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान का सशक्त प्रतीक बनेगा और आने वाली पीढ़ियों को मातृभूमि की रक्षा और राष्ट्रसेवा के प्रति सदैव प्रेरित करता रहेगा।।”
बताया जा रहा है कि ‘सिंदूर पार्क’ की परिकल्पना को साकार करने में वित्त मंत्री ओपी चौधरी की विशेष सोच और पहल रही।
दीपक अग्रवाल (डोरा) एवं क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
इस ऐतिहासिक सौगात से इतवारी बाजार क्षेत्र के निवासियों में भारी उत्साह देखा गया। रायगढ़ को ‘सिंदूर पार्क’ के रूप में एक अनमोल धरोहर समर्पित करने के लिए दीपक अग्रवाल (डोरा) के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आत्मीय अभिनंदन किया।
इतवारी बाजार क्षेत्र के निवासियों ने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार जताया। स्थानीय जनों का कहना है कि यह पार्क न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि यह हमारे बच्चों को देश के असली नायकों से जोड़ने का माध्यम बनेगा।

गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया, राज्य सभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान, पूर्व सभापति सुरेश गोयल, भाजपा जिला आर्थिक प्रकोष्ठ संयोजक दीपक डोरा, बाबूलाल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल (पिंटू ) समेत अन्य गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
पार्क की खासियत: देशभक्ति और हरियाली का संगम
‘सिंदूर पार्क’ को एक ऑक्सीजोन के रूप में विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य शहर के वातावरण को शुद्ध रखना है। पार्क के भीतर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की यादों और सैनिकों के पराक्रम को प्रदर्शित करने वाले तत्व इसे अन्य पार्कों से अलग और विशिष्ट बनाते हैं।
‘सिंदूर पार्क’ की परिकल्पना को साकार करने में वित्त मंत्री ओपी चौधरी की विशेष सोच और पहल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









