Thursday, May 14, 2026
HomeNewsपेट्रोल-डीजल को लेकर मची हलचल के बीच सीएम साय का बड़ा संदेश:...

पेट्रोल-डीजल को लेकर मची हलचल के बीच सीएम साय का बड़ा संदेश: छत्तीसगढ़ में पर्याप्त स्टॉक, अफवाह फैलाने वालों से रहें सावधान…

रायपुर। वैश्विक परिस्थितियों और देशभर में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों के लिए बड़ा भरोसा दिलाने वाला संदेश जारी किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और प्रदेशवासियों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए बताया कि प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति हो रही है तथा वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और ऑयल कंपनियां पूर्ण समन्वय के साथ लगातार स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने पहले से प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित की हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की अपील का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों से अनावश्यक खरीदारी और ईंधन संग्रहण से बचने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नागरिक संयम, जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दें तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदें। साथ ही किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न देने की भी अपील की गई।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि जनता की सजगता, सहयोग और सकारात्मक सोच से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश की ईंधन व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर चल रही आशंकाओं पर काफी हद तक विराम लगने की उम्मीद जताई जा रही है। सोशल मीडिया पर भी मुख्यमंत्री का यह संदेश तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे भरोसा देने वाला कदम मान रहे हैं।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Popular Articles