रायगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) रायगढ़ इकाई ने जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय की UG एवं PG परीक्षाओं की जारी समय-सारणी में बदलाव की मांग उठाई है। इस संबंध में परिषद द्वारा बुधवार को कुलसचिव महोदय को ज्ञापन सौंपकर विद्यार्थियों की समस्याओं से अवगत कराया गया।
ज्ञापन में ABVP ने कहा कि रायगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने और परीक्षा देने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिषद ने मांग की कि छात्रों के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा तिथि एवं समय में आवश्यक परिवर्तन किया जाए।
इसके साथ ही परिषद ने यह भी मांग रखी कि पहले लिखित परीक्षाएं संपन्न कराई जाएं और उसके बाद प्रायोगिक परीक्षाओं का आयोजन किया जाए, ताकि विद्यार्थियों पर एक साथ अधिक दबाव न पड़े और वे बेहतर तरीके से परीक्षा की तैयारी कर सकें।
ABVP जिला संयोजक शिवम मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रों के हितों के लिए कार्य करती रही है। वर्तमान परिस्थितियों में बढ़ती गर्मी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन को जल्द उचित निर्णय लेना चाहिए।
परिषद ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो ABVP छात्रों के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।







