रायगढ़। शहर में एक बार फिर चोरी की वारदात ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। हंडी चौक मार्ग स्थित कैलाश एजेंसी में अज्ञात चोर ने देर रात सेंधमारी कर नकदी और कीमती सामान पार कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक रोजाना की तरह रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान रात 12 बजे के बाद अज्ञात चोर ने दुकान के पीछे स्थित खाली प्लॉट की ओर से दीवार में बड़ा छेद कर अंदर प्रवेश किया।

चोर ने दुकान में रखे गल्ले को निशाना बनाते हुए करीब 25 से 30 हजार रुपये नगद, पूजा में उपयोग होने वाले चांदी के सिक्के और कुछ अन्य सामान पार कर दिया। घटना के बाद दुकान के अंदर मलबा और टूटी दीवार देखकर सुबह चोरी का पता चला।

बताया जा रहा है कि दुकान में पहले CCTV कैमरे लगे हुए थे, लेकिन वर्तमान में वे सक्रिय नहीं थे, जिसका फायदा चोर ने उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में पूछताछ और संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।











