छत्तीसगढ़ से एक बड़ी और निर्णायक खबर सामने आई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से ठीक पहले नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुकमा जिले में 21 नक्सलियों ने सामूहिक रूप से सरेंडर कर दिया है। आत्मसमर्पण करने वालों पर कुल 76 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
सरेंडर करने वाले नक्सलियों में 14 महिलाएं और 7 पुरुष शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी कई गंभीर और बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं। लंबे समय से चल रहे दबाव, सतत अभियानों और पुनर्वास नीति के प्रभाव से नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।
आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों के पास से SLR, AK-47, BGL लॉन्चर सहित कई आधुनिक और घातक हथियार बरामद किए गए हैं। यह सरेंडर आईजी सुंदरराज और एसपी चव्हाण की मौजूदगी में हुआ है।
इस घटनाक्रम को नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की रणनीति की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। खास बात यह है कि यह सरेंडर ऐसे समय में हुआ है, जब केंद्रीय गृहमंत्री का छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित है।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर में केंद्रीय गृहमंत्री 7 फरवरी की रात पहुंचेंगे। इसके बाद 8 फरवरी को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक नक्सलवाद पर एक हाई लेवल समीक्षा बैठक लेंगे, जिसमें राज्य के शीर्ष प्रशासनिक और सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहेंगे।














