रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर ने देर रात शटर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और महंगे मोबाइल फोन व लगभग 1 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
दुकान बंद कर घर गए थे संचालक
मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी सुरेश शाहा बोइरदादर रोड पर मोबाइल दुकान का संचालन करते हैं। बुधवार रात रोज की तरह दुकान बंद कर शटर में ताला लगाकर वे घर चले गए थे। रात के समय अज्ञात चोर ने पहले शटर का ताला तोड़ा, फिर अंदर लगे कांच के दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर दुकान में घुस गया।
एक ही चोर, पूरी वारदात CCTV में
सीसीटीवी फुटेज में एक ही चोर पूरी वारदात को अंजाम देता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। फुटेज में चोर की गतिविधियां स्पष्ट हैं, जिससे पुलिस को पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है।
महंगे मोबाइल और नकदी पर हाथ साफ
चोर ने काउंटर में रखे कई महंगे मोबाइल फोन चोरी किए। इसके साथ ही गल्ले में रखे करीब 1 लाख रुपये नकद भी लेकर फरार हो गया। फिलहाल चोरी गए मोबाइलों की संख्या और कुल नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है।
सुबह खुलासा, तुरंत दी गई सूचना
गुरुवार सुबह पास की दुकान के एक व्यवसायी ने शटर का ताला टूटा देखा और तुरंत सुरेश को सूचना दी। दुकान पहुंचने पर चोरी की पुष्टि हुई, जिसके बाद चक्रधर नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस जांच में जुटी, फुटेज खंगाले जा रहे
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
पुलिस का कहना है कि चोरी की कुल राशि और सामान का आकलन पूरा होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रायगढ़ में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय व्यापारियों ने रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।












