रायगढ़। जिले के बंगुरसिया धान खरीदी केंद्र में जंगली हाथियों की आवाजाही से हड़कंप मच गया है। बीते दो रातों से जंगल से निकलकर हाथी धान खरीदी केंद्र में पहुंच रहे हैं और वहां रखी धान की बोरियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। पूरी घटना केंद्र में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें हाथी धान की बोरियों को खाते और फैलाते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात बंगुरसिया के जंगल क्षेत्र से दो हाथी भोजन की तलाश में धान खरीदी केंद्र में घुस आए। इस दौरान हाथियों ने करीब 9 बोरियां धान खाईं, जबकि कई अन्य बोरियों को फैलाकर नुकसान पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और तत्काल निगरानी शुरू की गई।
इसके बावजूद बुधवार रात को भी हाथियों की गतिविधि दोहराई गई। एक हाथी फिर जंगल से निकलकर धान खरीदी केंद्र में पहुंच गया और वहां रखी 6 बोरियां धान खाकर शेष बोरियों को फैलाकर नुकसान पहुंचाया। यह पूरी घटना भी CCTV कैमरों में कैद हो गई। काफी देर तक केंद्र में घूमने के बाद हाथी वापस जंगल की ओर लौट गया।
वन विभाग के अनुसार, फिलहाल धान खरीदी केंद्र में हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। हाथी मित्र दल और वनकर्मी लगातार हाथियों के मूवमेंट पर नजर बनाए हुए हैं, वहीं आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके।
प्रशासन और वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि रात के समय अनावश्यक बाहर न निकलें और हाथियों के दिखने की स्थिति में तुरंत सूचना दें।







