रायगढ़। एमएसपी स्टील एंड स्पंज फैक्ट्री, जामगांव में सोमवार को हुए हादसे ने मंगलवार की सुबह से ही माहौल तनावपूर्ण कर दिया। कन्वेयर बेल्ट में फंसने से मजदूर लक्ष्मण साहू (40 वर्ष) की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में कंपनी गेट के बाहर जुट गए। सभी ने मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
सुबह 9 बजे से कंपनी गेट के बाहर प्रदर्शन
जांजगीर-चांपा निवासी मृतक के परिजन जानकारी मिलते ही सोमवार रात रायगढ़ पहुंचे। मंगलवार सुबह 9 बजे से एमएसपी के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गेट बंद करा दिया, जिससे अंदर-बाहर का संचालन प्रभावित रहा।
50 लाख मुआवजा व नौकरी की मांग
परिवारजनों ने साफ कहा “मुआवजा 50 लाख और एक सदस्य को नौकरी दिए बिना आंदोलन खत्म नहीं होगा।”
पुलिस व कंपनी प्रबंधन लगातार समझाइश दे रहे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। चक्रधरनगर पुलिस की टीम भी मौके पर डटी हुई है।
कैसे हुआ था हादसा
सोमवार सुबह लक्ष्मण साहू प्लांट के भीतर अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहा था। इसी दौरान कन्वेयर बेल्ट में अचानक उसका हाथ फंस गया। काफी खून बहने लगा। साथी मजदूरों ने तुरंत उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सुबह से जारी आंदोलन, समाधान की कोशिशें जारी
कंपनी गेट पर परिजनों के साथ ग्रामीणों का जमावड़ा बना हुआ है। प्रशासन द्वारा लगातार बातचीत की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी।












