रायगढ़। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा महाराजा अग्रसेन के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर रायगढ़ में अग्रवाल समाज में भारी आक्रोश है। मंगलवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग गांधी गंज में एकत्रित हुए और रैली निकालकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने एसपी दिव्यांग पटेल को ज्ञापन सौंपते हुए अमित बघेल पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में बताया कि अमित बघेल ने मीडिया के माध्यम से दिए गए बयान में महाराजा अग्रसेन, जो भगवान श्रीराम के वंशज और समाज के आराध्य माने जाते हैं, के प्रति अमर्यादित व आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया है। आरोप है कि उन्होंने महाराजा अग्रसेन से जुड़ी अशोभनीय टिप्पणियां करते हुए “मूर्ति तोड़ने” और “पेशाब करने” जैसे अनुचित शब्दों का इस्तेमाल किया।

समाज के सदस्यों ने यह भी बताया कि बघेल ने न केवल अग्रवाल समाज बल्कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, सिंधी समाज और उनके आराध्य देवताओं के प्रति भी अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है, जिससे करोड़ों लोगों की धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं।
अग्रवाल समाज ने पुलिस प्रशासन से कहा कि ऐसे भड़काऊ बयानों से समाज में तनाव और अनहोनी की स्थिति बन सकती है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान एसपी दिव्यांग पटेल ने कहा, “अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि आज ज्ञापन लेकर आए थे। उन्होंने जो बिंदु आवेदन में उल्लेख किए हैं, उनकी जांच कर शीघ्र वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
रैली में बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के लोग शामिल हुए। समाज के लोगों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन केवल अग्रवाल समाज ही नहीं, बल्कि समरसता और सेवा के प्रतीक हैं, इसलिए उनके सम्मान में की गई किसी भी अमर्यादित टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।













